दिल्ली में 80 लाख रुपये की हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल जब्त
दिल्ली। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शाहदरा जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने 39 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सोनिया के कब्जे से 200 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक, 16 अक्टूबर की शाम पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक महिला हेरोइन लेकर दिलशाद गार्डन के पॉकेट-ए इलाके में पहुंचने वाली है। सूचना मिलने के बाद टीम ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद सोनिया स्कूटी से वहां पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पॉलीथीन से 200 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सोनिया अपने एक जानकार से हेरोइन खरीदती थी। इसके बाद वह नशीले पदार्थ को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर बेचती थी। पुलिस के अनुसार, अधिक कमाई के लालच में उसने हेरोइन की बिक्री शुरू की थी।
जांच में यह भी पता चला कि सोनिया पहले शराब की तस्करी में शामिल थी। उसके खिलाफ शराब तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 2020 में दर्ज हुआ था।
पुलिस ने हेरोइन के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, महिला के सप्लायर की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोनिया कितने समय से हेरोइन की तस्करी कर रही थी और इस नेटवर्क में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

