क्राइम

शोपियां में सेब चोरी की बड़ी वारदात नाकाम, सात आरोपी गिरफ्तार; 83 पेटियां बरामद

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सेब के बागानों और भंडारण स्थलों को निशाना बनाने वाले चोरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हीरपोरा थाना क्षेत्र में सेब चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए सेब के 83 बक्से बरामद हुए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई तीन टाटा मोबाइल गाड़ियों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अमशीपोरा निवासी मोहम्मद यूसुफ वागे ने हीरपोरा थाने में फोन कर अपने बाग और शेड से सेब की पेटियां चोरी होने की सूचना दी थी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से आसपास के इलाके में तलाश की। इसी दौरान कुछ दूरी परaतीन टाटा मोबाइल वाहन संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। इन गाड़ियों में चोरी किए गए सेब भरे हुए थे और आरोपी वहां से निकलने की तैयारी में थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सातों लोगों को पकड़ लिया और चोरी का सामान बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलजार अहमद मल्लाह, रियाज अहमद लोन, मुजम्मिल अहमद वानी, आशिक हुसैन लोन, उमर हुसैन वानी, तहजीब अहमद लोन और शाहिद अहमद वानी के रूप में हुई है। सभी आरोपी शोपियां जिले के केलर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

इस मामले में हीरपोरा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत एफआईआर संख्या 126/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सेब के सीजन में बागवानों की उपज और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।