बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्मों की एंट्री, ‘रामायण’ की कमाई पड़ी धीमी, ‘ओम’ और ‘गॉडजिला’ का ऐसा रहा हाल
शुक्रवार को सिनेमाघरों में ‘ये प्रेम मोल लिया’ और ‘गनमास्टर जी9’ जैसी नई फिल्मों ने दस्तक दे दी है। इन फिल्मों की रिलीज के साथ ही पहले से पर्दे पर मौजूद फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ से लेकर ‘ओम: चैप्टर 1’ और ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ तक की कमाई पर नई फिल्मों का असर देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं कि गुरुवार तक इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन कैसा रहा।
‘रामायण’ की कमाई में आई गिरावट
रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 22 दिन बीत चुके हैं। फिल्म ने दुनियाभर में अब तक 1,777 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। हालांकि, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई की रफ्तार पहले के मुकाबले धीमी पड़ती नजर आ रही है।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने चौथे गुरुवार को भारत में 9.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, विदेशी बाजारों से इसे 10 करोड़ रुपये की कमाई हुई। फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन बढ़कर 992.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म के कारोबार में गिरावट का अंदाजा इसके शो की संख्या से भी लगाया जा सकता है। रिलीज के शुरुआती दिनों में देशभर में इसके 25 हजार से अधिक शो चल रहे थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर लगभग 15,700 रह गई है।
‘ओम: चैप्टर 1’ ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
20 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1’ ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन भारत में 3.75 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया।
इसके साथ ही फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 69.30 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 80.35 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशी बाजारों में फिल्म ने 30.75 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह इसका दुनियाभर का कुल ग्रॉस कलेक्शन 111.10 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
‘गॉडजिला माइनस जीरो’ की कमाई में मामूली बढ़त
‘गॉडजिला माइनस जीरो’ ने भी 20 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। फिल्म को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिलती दिख रही है। हालांकि, सातवें दिन इसकी कमाई में मामूली सुधार दर्ज किया गया।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने सातवें दिन 32 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो छठे दिन की तुलना में करीब 3.2 फीसदी अधिक है। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 4.53 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 4.67 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

